Tuesday, September 1, 2026

तहरीर- ए- रतन ( सौगात ४१ से ५० )

सौगात (४१)  ( नेकी का कारवां )
+++++++++++++++++++++

हम अकेले ही चले थे मंजिल की तलाश में,
लोग जुड़ते गए और कारवां बनता गया/

किसी के काम आ सकें, यही हसरत रही ' रतन '
इसी सोच से मेरा हर रास्ता, आसान होता गया/

दौलत के अंबारों से किसे सुकून मिला है यहाँ,
नेकी की राह पे चल के ही, रुह को चैन मिलता गया/

सौगात ( ४२)  ( वफा का शहर )
+++++++++++++-++++++++

ढूढ़ने निकले थे वफा, इस बेवफा शहर में,
हर मोड़ पर बस मतलब के चेहरे नजर आए/

हमने तो खुद को ही जला दिया शमअ की तरह ' रतन '
ताकि अँधेरों में भटकते हुओं को कुछ तो रास्ता नजर आए/

लोग कहते हैं कि जमाना बड़ा बेदर्द है,
पर हमें तो हर दर्द में भी, कोई अपना नजर आए/

सौगात ( ४३ )  ( अक्स और वक्त )
+++++++++++++++++++++++

वक्त की मार ने चेहरे की रंगत बदल दी,
पर आँखों में वही पुरानी चमक आज भी है/

आईना लाख कहे कि तुम बूढ़े हो गए हो ' रतन '
पर दिल की गहराइयों में वही मासूमियत आज भी है/

संगम की लहरों ने जो सिखाया था हमको,
वो बहते रहने का जज्बा और हिम्मत आज भी है/

सौगात ( ४४ )  ( पूजा की लौ-- अखंड विश्वास )
++++++++++++++++++++++++++++++

आँधियाँ आती हैं और आकर चली जाती हैं,
पर मेरे यकीन का दीया, कभी बुझता नहीं/

' पूजा ' की लौ ने वो हौसला दिया है हमें,
कि  मुश्किलों का पहाड़ भी, अब भारी लगता नहीं/

हमने तो सौंप दी है अपनी कश्ती उसके हाथ ' रतन '
जो पार लगाता है सबको, वो कभी सोता नहीं/

सौगात ( ४५ )  ( अधूरी गजल )
+++++++++++++++++++++

जिन्दगी एक अधूरी गजल जैसी है ' रतन '
जिसे मुकम्मल करने की कोशिश में उम्र गुजर गई/

कभी मतले ने साथ दिया, कभी मकता रुठ गया,
इसी कशमकश में जाने कितनी शामें गुजर गईं/

पर जो शेर हमने दिल से लिखे हैं यहाँ,
उनकी गूंज जमाने में, सदा के लिए ठहर गई/

सौगात ( ४६ )   ( रिश्तों की सिलाई )
+++++++++++++++++++++++++

रिश्तों की सिलाई अगर कच्ची हो ' रतन '
तो वक्त का एक ही झटका, सब उघेड़ देता है/

हमने तो तमाम उम्र गुजारी है, गाँठे जोड़ने में,
पर ये जमाना है कि बस, दूरियाँ बढ़ा देता है/

सादगी के धागे से पिरोया है हमने तो अपना घर,
यही वो जोड़ है, जो टूटने पे भी हौसला देता है/

सौगात ( ४७ )  ( मिट्टी का हक )
++++++++++++++++++++++

बहुत ऊँची उड़ान भर ली इन कागजी परिदों ने,
पर अंत में सबको, जमीन पे ही आना होता है/

मुठ्ठीगंज की उस मिट्टी का हक, आज भी है मुझ पर,
नोएडा के महलों में रह कर भी, दिल का वहीं ठिकाना होता है/

' रतन ' को अपनी जड़ों से जुदा न कर सका कोई,
कि दरिया कितना भी बहे, समंदर को ही पाना होता है/

सौगात ( ४८ )  ( खामोशी का शोर )
+++++++++++++++++++++++++

कभी कभी खामोशी इतना शोर करती है,
कि शब्द भी सुनने को कान तरस जाते हैं/

जो बातें हम दुनिया से कह न सके मुद्दतों से,
वो आँखों के रास्ते, धीरे से बरस जाते हैं/

' तहरीर ' में जो दर्द छिपा है, उसे गौर से पढ़ना,
यहाँ मुस्कराहटों के पीछे, गहरे जख्म भी हँस जाते हैं/

सौगात (४९ )  ( इबादत की लौ---- अंतिम पतवार )
++++++++++++++++++++++++++++++++

मेरी कश्ती का सहारा अब कोई इंसान नहीं,
' पूजा ' की वो एक दुआ ही, मेरा माँझी बन गई/

जब सबने साथ छोड़ा, मंजिल के करीब आकर,
तब तेरी यादों की परछाईं, मेरा राही बन गई/

' रतन ' को अब लहरों के थपेड़ों का खौफ नहीं,
कि इबादत की ये लौ, अब मेरी गवाही बन गई/

सौगात ( ५० )  ( अर्ध शतक---- पचासवीं सौगात )
+++++++++++++++++++++++++++++++

पचास सौगातें, मेरे पचास वर्षों का निचोड़ है,
हर लफ्ज में एक याद, हर याद में एक मोड़ है/

अभी तो आधा रास्ता ही नापा है हमने ' रतन '
मंजिल की ओर बढ़ने का, अभी और भी जोर है/

कलम रुकी नहीं है, बस थोड़ा ठहर कर देख रही है,
कि आने वाली लहरों में, और कितना शोर है/

             राजीव रत्नेश

No comments:

About Me

My photo
ROM ROM SE KARUNAMAY, ADHARO PE MRIDU HAAS LIYE, VAANI SE JISKI BAHTI NIRJHARI, SAMARPIT "RATAN" K PRAAN USEY !!!