Saturday, November 14, 2026

एक अदद नाक की तलाश गजल

एक अदद नाक की तलाश में

हास्य ग़ज़ल: राजीव रत्नेश "रतन"

भूमिका

यह ग़ज़ल एक नाक की तलाश में निकले आशिक़ की हंसती-मुस्कुराती दास्तान है। "नाक" का यह पूरा सफ़र शब्द के दो अर्थों के खेल पर टिका है — चेहरे की नाक और इज़्ज़त की नाक। छींक से इशारे, नाक से नाक की बात, शूर्पणखा की कटी नाक, सी.सी.टी.वी. के नज़ारे और ख़लील मियाँ के फ़ाख़्ते — सब इसी हल्की-फुलकी शायरी का हिस्सा हैं।

यह ग़ज़ल ग़ैर-मुरद्दफ़ है, यानी इसमें रदीफ़ नहीं है और केवल क़ाफ़िया "-आरे" (सहारे, किनारे, बेचारे, इशारे, सारे, सँवारे, सितारे, प्यारे, नज़ारे, चारे) है। अंत में एक क़ता भी है, जिसमें शायर इसी नाक के सहारे ज़िंदगी काटने की बात कहता है।

ग़ज़ल

मतला
एक अदद नाक की तलाश में निकल पड़े हैं हम बेचारे,
अपनी मुख़तसर-सी एक अदद नाक के सहारे।

२.
कहीं तो होगी मुलाक़ात, बनेगी बात किसी राह पर,
कहीं तो मिलेगी वो नाक किसी किनारे।

३.
सफ़र तवील सही, पर मुझे तो आरज़ू है,
होगी मुलाक़ात नाक की नाक के ही सहारे।

४.
आवाज़ देके भले वो न बुला सकें हमें,
इक हल्की छींक ही दिखा जाए रास्ते सारे।

५.
देखा था जिस दिन से उस नाक को,
उसी पर हमने जान-ओ-जिगर सब वारे।

६.
नाक ने नाक की बात नाक से कही,
कैसे होगी अगली मुलाक़ात, हो गए इशारे।

७.
कभी नाक उनकी बन जाती ज़जीरा, कभी समंदर,
हमने हौले-हौले अपनी कश्ती के पाल सँवारे।

८.
देखा जो मुझे, बुलवा भेजा नाक के सहारे,
तजवीज़ से मिले मुझसे वो तक़दीर के मारे।

९.
शूर्पणखा की नाक भी कोई गई-गुज़री न थी,
वार खा गई बेवजह, दुश्मनी ने शोले उभारे।

१०.
उन्होंने दिल का हाल नाक से कहा, नाक ने मुझसे,
नाक ने नाक को मारा, जब हुए इरादे न्यारे।

११.
नाक की नाक से हुई मुलाक़ात, देखो सहर हो गई,
वो जाग उठे, फिर चमक उठे उनके सितारे।

१२.
सहन में नाक ने जो छिड़काव कर दिया,
फिर से उड़ाने लगे ख़लील मियाँ अपने फ़ाख़्ते प्यारे।

१३.
ए हसीनो, अपनी सलोनी नाक सँभालना,
कब से जाने हो तुम सी.सी.टी.वी. के नज़ारे।

मक़्ता
क्या दिन दिखाए "रतन" को लोगों ने नाक के वास्ते,
हम भी पहुँचते रहे महफ़िल में, ढूँढ़ मिलन के चारे।

क़ता

उस नाक के सरमाये में ही तो ज़िंदगी कट रही है,
अच्छे-ख़ासे भले हैं, साथ इबादत-ओ-बंदगी चल रही है।
हम भी मस्त हैं, दिल भी उछलता-मचलता रहता है,
उसी के सहारे उनसे थोड़ी दिल्लगी भी चल रही है।

शब्दार्थ

  • अदद: गिनती में एक, एक नग
  • मुख़तसर: छोटा, संक्षिप्त
  • तवील: लंबा
  • आरज़ू: इच्छा
  • वारे: न्योछावर किया (वारना)
  • ज़जीरा: पानी से घिरा भू-भाग, द्वीप
  • कश्ती: नाव
  • पाल: नाव का हवा से भरने वाला कपड़ा
  • सँवारे: ठीक किए, सजाए
  • तजवीज़: उपाय, युक्ति
  • तक़दीर के मारे: भाग्य से सताए हुए
  • शूर्पणखा: रामायण की वह राक्षसी, जिसकी नाक लक्ष्मण ने काट दी थी
  • उभारे: भड़काए, जगाए
  • न्यारे: अलग, बदले हुए
  • सहर: सुबह, भोर
  • सहन: आँगन
  • छिड़काव: पानी की बौछार
  • फ़ाख़्ता: कबूतर की तरह का एक पक्षी
  • सलोनी: मनभावनी, सुंदर
  • नज़ारे: दृश्य
  • चारे: लुभाने का साधन, दाना
  • सरमाया: पूंजी, धन-दौलत
  • इबादत-ओ-बंदगी: उपासना और भक्ति
  • दिल्लगी: हंसी-मज़ाक
  • मतला: ग़ज़ल का पहला शेर, जिसके दोनों मिसरों में क़ाफ़िया आता है
  • मक़्ता: ग़ज़ल का अंतिम शेर, जिसमें शायर का तख़ल्लुस आता है
  • क़ाफ़िया: तुक वाले शब्द
  • रदीफ़: हर शेर के अंत में दोहराया जाने वाला पद
  • क़ता: चार मिसरों की स्वतंत्र रचना
  • तख़ल्लुस: शायर का उपनाम

No comments:

About Me

My photo
ROM ROM SE KARUNAMAY, ADHARO PE MRIDU HAAS LIYE, VAANI SE JISKI BAHTI NIRJHARI, SAMARPIT "RATAN" K PRAAN USEY !!!