Sunday, February 1, 2026

तुम्हारी याद आती है/ ( कविता)

तुम्हारी याद आती है/  ( कविता)
************************

चमन में तेज हवा जब सरसराती है/
आधी रात को तब तुम्हारी याद आती है/

तुम एक झलक अपनी दिखा कर,
गम बढ़ाने को सहराओं में भटक गईं,
मेरी आरजुएँ, मेरी तमन्नाएँ सिमटती रहीं,
मेरे अन्जाने में तुम यूँ दामन झटक गईं/

साजे- दिल पे जब कोई राजे- गम छेड़ता है/
आधी रात को तब तुम्हारी याद आती है/

सोचता हूँ तुम्हारी तस्वीर बना कर देखूँ,
शायद गमे- दिल को तस्कीन हो जाए,
विसाल की और कोई सूरत नहीं दिखती,
इसी तरह आसान शायद मुश्किल हो जाए/

जब हर आसान मुश्किल लगने लगती है/
आधी रात को तब तुम्हारी याद आती है/

मैं संगीत की सरगम से तुम्हें बुला के रहूंगा,
मैं तुम्हें सोज- ए- गमेदिल दिखा के रहूंगा,
कहीं भी रहो यहाँ चाहे वहाँ की महफिल में,
भर- भर के नाले, मैं तुम्हें रुला के रहूंगा/

जब कोई दर्द भरी दास्तान सुनाता है/
आधी रात को तब तुम्हारी याद आती है/

फलक से सितारे जमीं पर बिखरते रहेंगे,
चंदा औ' सूरज गगन में चलते रहेंगे,
सोहनी- महीवाल के फसाने रहनुमा होंगे,
हम तुम्हारी मुहब्बत में तड़पते रहेंगे/

कोई महीवाल जब सोहनी को आवाज लगाता है/
आधी रात को तब तुम्हारी याद आती है/

दामने- मुहब्बत ये तारीक न होने दूँगा,
अपने खिलाफ ये साजिश न होने दूँगा,
लाख करें यार बेवफाई मुझसे- तुमसे,
मैं जुदा अपने से अपना मीत न होने दूँगा/

कोई आशिके- बेकल जब साकी को पुकारता है/
आधी रात को तब तुम्हारी याद आती है/

बस तुम इतनी इनायत कर दो मुझ पर,
खते- इकरार तो अपना भेजो मुझ तक,
मैं तुम्हें हर डगर, हर राह में खोजता हूँ,
रुक जाओ राहों में, मेरी आवाज सुन कर/

सुनता हूँ जब लैला ने मजनूँ को खत लिखा है/
आधी रात को तब तुम्हारी याद आती है//
              ----------

तुम अपने दिल में
          यही अहसास रहने दो/
मैं सिर्फ तुम्हारा हूँ
           तुम्हारे सिवा किसी का नहीं/
           ---------

जो कुछ सुनाना है, सुना दे ऐ दिल!
बज्म में वो भी तो आए हुए हैं/
सुना है, दर्द का असर उनको भी है,
मगर बात वो होठों में दबाए हुए हैं//
            ---------

प्यार मेरा शरमाएगा कब तक?
हुस्न ये दामन बचाएगा कब तक?
अरे, तू इन रस्म-रिवाजों पे न जा,
कैद में पंछी तड़फड़ाएगा कब तक?
           ---------

                राजीव रत्नेश
          मुठ्ठीगंज, इलाहाबाद/
          -----------------

No comments:

About Me

My photo
ROM ROM SE KARUNAMAY, ADHARO PE MRIDU HAAS LIYE, VAANI SE JISKI BAHTI NIRJHARI, SAMARPIT "RATAN" K PRAAN USEY !!!